

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रेम नगर थाने में हुए विवाद और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के मामले में पुलिस ने नया सीसीटीवी वीडियो जारी करते हुए स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस का कहना है कि थाने में हुई कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोप तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।


मामले में CO प्रेम नगर स्वप्निल मुयाल ने जानकारी दी कि 9 अप्रैल को यशपाल नाम के व्यक्ति द्वारा लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रवीण सेमवाल, जो उनके यहां काम करता था, उसने ऑफिस काउंटर से चोरी की है और बिना अनुमति के बिल्डिंग मटेरियल भी बेच दिया, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू की गई थी। वहीं, थाने में हुई घटना को लेकर महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए खंडन किया है।

CO के अनुसार, महिला स्वयं थाने पहुंची थी और किसी के द्वारा जबरन नहीं लाई गई थी। लेकिन थाने में पहुंचने के बाद महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और मारपीट का प्रयास भी किया। इस पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


