हिंडोलाखाल में बनेगा भव्य आध्यात्मिक रिट्रीट सेंटर, हुआ भूमि पूजन

हिंडोलाखाल में बनेगा भव्य आध्यात्मिक रिट्रीट सेंटर, हुआ भूमि पूजन

स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश–गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हिंडोलाखाल क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा दादी प्रकाशमणि रिट्रीट सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस भव्य परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान दूर-दूर से आए महिला, पुरुष और बच्चों ने भक्तिमय माहौल में हिस्सा लिया। भजन-कीर्तन और भोले बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

इस रिट्रीट सेंटर को भव्य और दिव्य स्वरूप में विकसित किया जाएगा। यहां 55 फीट ऊंचा द्वादश ज्योतिर्लिंग संग्रहालय प्रमुख आकर्षण होगा, जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री विनोद सुयाल और जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी इशिता सजवाण भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नरेंद्रनगर की शांत व सुरम्य पर्वत श्रृंखलाओं में यह केंद्र आध्यात्म और भक्ति का नया अध्याय शुरू करेगा। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पहले से ही एडवेंचर, वेलनेस और योग पर्यटन के लिए विश्व प्रसिद्ध है, और यह रिट्रीट सेंटर इसे वैश्विक स्तर पर नई पहचान देगा।

माउंट आबू से आई ब्रह्माकुमारी उषा दीदी ने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि से ही ज्ञान और योग की धारा पूरे विश्व में प्रवाहित होती रही है, और यह केंद्र भविष्य में आध्यात्मिक प्रकाश का प्रमुख स्रोत बनेगा।

कार्यक्रम के संयोजक ब्रह्मा कुमार मेहरचंद ने बताया कि यहां चरित्र निर्माण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, योग और ध्यान के नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में डॉ. पुनीत मेहता के भजन-कीर्तन ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया, वहीं महंत योगी श्रद्धा नाथ, प्रेम बहन और राधेश्याम गर्ग सहित कई वक्ताओं ने आध्यात्मिक संदेश देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को देखकर आयोजक और स्थानीय लोग बेहद उत्साहित नजर आए।