कालाढूंगी में जिम कॉर्बेट की 72वीं पुण्यतिथि मनाई गई, विरासत को किया याद

कालाढूंगी में जिम कॉर्बेट की 72वीं पुण्यतिथि मनाई गई, विरासत को किया याद

स्थान : कालाढूंगी।
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद के कालाढूंगी स्थित जिम कॉर्बेट संग्रहालय में प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और शिकारी-से-संरक्षक बने जिम कॉर्बेट की 72वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर कॉर्बेट ग्राम विकास समिति और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान कॉर्बेट ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने कहा कि कालाढूंगी का छोटी हल्द्वानी गांव जिम कॉर्बेट द्वारा बसाया गया था, जहां आज उनके सपनों को साकार होते देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि कॉर्बेट का सपना था कि यह गांव रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बने।

राजकुमार पांडेय ने बताया कि आज छोटी हल्द्वानी गांव के लोग होम-स्टे के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं। इसके साथ ही जिम कॉर्बेट संग्रहालय और जंगल सफारी से भी स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने जिम कॉर्बेट के वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति प्रेम के योगदान को याद किया। साथ ही उनके दिखाए मार्ग पर चलकर पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय विकास को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर स्थानीय लोग, पर्यावरण प्रेमी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने जिम कॉर्बेट को श्रद्धांजलि अर्पित की।