केदारनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

केदारनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने संयुक्त टीम के साथ केदारनाथ धाम पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्ग, आधारभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। प्रशासन ने यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ धाम क्षेत्र में वर्तमान समय में भारी बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक बर्फ जमी हुई है। इसे हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि यात्रा मार्ग समय पर तैयार हो सके।

उन्होंने बताया कि धाम क्षेत्र में 60 से अधिक श्रमिक और ट्रैक रूट पर 70 से 75 मजदूर तैनात किए गए हैं। पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही पूरे ट्रेक रूट का पुनर्निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों सहित अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे।

एसपी ने बताया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए यात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद ली जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं।