नैनीताल हाईवे किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

नैनीताल हाईवे किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

ब्यरो रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नैनीताल हाईवे पर रोड नंबर-8 के पास एक चाय के खोखे के बाहर एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार शव की सूचना खोखा मालिक द्वारा दी गई थी। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि लगभग 40 वर्षीय महिला का शव लेटी हुई अवस्था में पड़ा था। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

महिला के शरीर पर नीले और काले रंग की फूलदार कुर्ती और पीले रंग की सलवार पाई गई है। उसके शरीर पर कई टैटू भी मिले हैं, जिनमें “रामधनी”, “पूनम”, “रोहित”, “सुनील” और “राजेंद्र” जैसे नाम हिंदी और अंग्रेजी में गुदे हुए हैं। गले में एक लॉकेट भी मिला है जिस पर उर्दू में “अल्लाह” लिखा हुआ है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। आसपास के गांवों से भी लोगों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की गई, पर शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।

पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। जांच के दौरान महिला डॉक्टर ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए स्लाइड तैयार की है। हालांकि मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका, इसलिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर सीने और अन्य हिस्सों में हल्की खरोंच के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया हो सकता है।

जांच में यह भी सामने आया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, जिससे कोई भी फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका। पुलिस अब अन्य तकनीकी और मानवीय स्रोतों से जांच कर रही है।

सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की पहचान नहीं हो सकी है और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जल्द खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।