प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज, डीजीपी ने की समीक्षा

प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज, डीजीपी ने की समीक्षा

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनज़र उत्तराखंड पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में “मिनट-टू-मिनट” रिहर्सल कर पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

रिहर्सल के बाद पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस लाइन देहरादून में तैनात राजपत्रित अधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध, समन्वित और पूरी तरह त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए सभी अधिकारियों को अत्यंत सतर्क, सजग और संवेदनशील रहना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों का टर्नआउट उच्च स्तर का हो और उन्हें अपने-अपने दायित्वों की पूरी जानकारी पूर्व में दी जाए।

सुरक्षा निर्देशों में वीवीआईपी रूट की सघन निगरानी, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रूट का भौतिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि मार्ग में किसी प्रकार की बाधा या निर्माण सामग्री मौजूद न हो।

कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सख्त जांच के लिए हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) के उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी अनधिकृत वस्तु को कार्यक्रम स्थल में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम समाप्ति के बाद भीड़ की सुरक्षित और सुव्यवस्थित निकासी की पूरी व्यवस्था पहले से तैयार हो।

सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, ऊंची इमारतों, जल टंकियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वाड द्वारा गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

अंत में डीजीपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचते हुए पूर्ण सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।