

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

दर्जा राज्य मंत्री बनने के बाद पहली बार लोहाघाट पहुंचीं दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने प्रेस वार्ता में विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई मजबूत नेतृत्व, जिसके कारण वह सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रहा है।


मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि विपक्ष सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों और योजनाओं में बेवजह खामियां निकालकर उसकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है। उन्हों ने दावा किया कि जनता सरकार के कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट है।


उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड तेजी से देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम जनता को लाभ पहुंचा रही है।


हेमा जोशी ने कहा कि सरकार पर्यटन, कृषि, बागवानी और युवाओं को रोजगार देने के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण कानून बनाए गए हैं, जिनमें नकल विरोधी कानून, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कृषि के क्षेत्र में निरंतर सुधार किया जा रहा है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मंत्री ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर जनता के सहयोग से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की लोकप्रियता न केवल उत्तराखंड बल्कि देशभर में बढ़ रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो जमीनी कार्यकर्ताओं को भी समान सम्मान देती है और उनका स्वयं का उदाहरण इसका प्रमाण है। उन्होंने चंपावत की जनता को सौभाग्यशाली बताया क्योंकि मुख्यमंत्री स्वयं वहां के विधायक हैं।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह पूरी निष्ठा से निभाएंगी।

