

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून में 14 अप्रैल को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।


आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने बताया कि कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारियों और अन्य पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


उन्होंने बताया कि वीवीआईपी का लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है, जिसके दौरान मानव श्रृंखला कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस पूरे मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर आने वाले सभी लोगों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी। बिना जांच के किसी को भी कार्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिससे किसी भी तरह की सुरक्षा चूक की संभावना को खत्म किया जा सके।
आईजी ने यह भी जानकारी दी कि इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। इसके लिए दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें की गई हैं।

देहरादून के एसएसपी और सहारनपुर के एसएसपी के साथ-साथ डीआईजी सहारनपुर रेंज के साथ भी सुरक्षा रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है, ताकि सीमा क्षेत्रों में भी कड़ी निगरानी रखी जा सके।

इसके अलावा खुफिया तंत्र और एलआईयू की टीमों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया है, जो कार्यक्रम के दौरान हर गतिविधि पर नजर बनाए रखेंगी। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

