हल्द्वानी में छात्रा की संदिग्ध मौत, सुसाइड से पहले दोस्त को भेजा मैसेज

हल्द्वानी में छात्रा की संदिग्ध मौत, सुसाइड से पहले दोस्त को भेजा मैसेज

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में एक 24 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली, लेकिन इससे पहले अपने एक मित्र को व्हाट्सएप पर मोबाइल का पिन कोड भेजने से मामला और रहस्यमय हो गया है।

मृतका की पहचान दिव्या आर्या के रूप में हुई है, जो एमबीजी कॉलेज में ग्रेजुएशन फाइनल ईयर की छात्रा थी। वह अपनी मां और तीन बहनों के साथ रहती थी और परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी।

बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले उसके पिता का बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसकी मां पर आ गई। मां घरों में काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं।

रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया और अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने अपने एक मित्र को व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपने मोबाइल फोन का पिन कोड साझा किया, जिससे युवक को अनहोनी की आशंका हुई।

चिंतित युवक ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा, जहां परिजनों के साथ मिलकर देखा गया कि वह फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी कुमकुम धानिक ने बताया कि युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसमें मौजूद चैट व कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।