हरिद्वार में डस्टर कार में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

हरिद्वार में डस्टर कार में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार के भगत सिंह चौक पर देर शाम एक डस्टर कार में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि कार एक सर्विस दुकान पर डेंटिंग-पेंटिंग के लिए खड़ी थी। जैसे ही मिस्त्री ने कार स्टार्ट करने की कोशिश की, अचानक बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि वह काबू से बाहर हो गई। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।

सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि आग अगर तेल टैंक तक पहुंच जाती तो विस्फोट हो सकता था।

कार मालिक ने इस घटना में मिस्त्री को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा कि हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ और इसमें किसी की लापरवाही नहीं थी।

जानकारी के मुताबिक, कार मालिक ने करीब दो महीने पहले ही 2015 मॉडल Renault Duster खरीदी थी। अब उनकी नजर इंश्योरेंस क्लेम पर टिकी हुई है।

घटना के बाद मुआवजे को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं कि क्या इंश्योरेंस कंपनी नुकसान की भरपाई करेगी या मामला आगे चलकर कोर्ट तक पहुंचेगा। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।