

स्थान : भीमताल
ब्यरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा के रामगढ़ ब्लॉक के तल्ला रामगढ़ से झूतिया-हली तक करीब 8 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के खराब हालात से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से जर्जर इस सड़क के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।


बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे। सड़क पर कीचड़ भर जाने से वाहन फंस जाते थे और लोगों को पैदल चलने तक में परेशानी होती थी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।


मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अब इस मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 5 करोड़ 28 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।


मंत्री कैड़ा ने बताया कि शासनादेश जारी होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और जल्द ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के सुनकिया, सदबुगा और सुपी समेत कई गांवों का दौरा भी किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन पर ही समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि भीमताल क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

क्षेत्र की जनता ने सड़क निर्माण को मंजूरी मिलने पर खुशी जताई और मंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

