

स्थान : किच्छा
ब्यरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक फैक्ट्री कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत के बाद शव को ठिकाने लगाने का सनसनीखेज आरोप लगा है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


मृतक की पहचान 42 वर्षीय रामवीर के रूप में हुई है, जो किच्छा स्थित इंट्रार्क फैक्ट्री में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल की रात ड्यूटी से निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।


जांच के दौरान फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज में रामवीर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराते हुए देखा गया। हादसे के बाद चालक द्वारा जेसीबी मशीन बुलवाकर ट्रॉली हटाने की गतिविधि भी कैमरे में कैद हुई, जिससे संदेह और गहरा गया।


घटनास्थल NH-74 पर जब परिजन और फैक्ट्री कर्मी पहुंचे तो वहां से एक कटा हुआ हाथ बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस भयावह दृश्य ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और जेसीबी मौके पर पहुंची और खुदाई कराई गई, लेकिन वहां शव नहीं मिला। बाद में पुलिस ने शव को किशनपुर रोड से बरामद किया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को दूर फेंक दिया।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

