

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की में बीएसएम डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकान से उठती लपटों और घने धुएं ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए।


बताया जा रहा है कि दुकान में रखे इंजन ऑयल के कारण आग लगातार भड़कती रही, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।


सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों को दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा, ताकि आग पर नियंत्रण पाया जा सके।

मौके पर भारी भीड़ जमा होने के कारण हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बने रहे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरे दिन आग की घटनाओं ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।

