

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए अवैध कच्ची शराब बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है। यह अभियान एसएसपी अजय गणपति के निर्देश और निगरानी में लगातार चलाया जा रहा है।


अभियान के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस टीम ने एसआई राकेश रैंकोली के नेतृत्व में गश्त के दौरान बांकुइयां गोठा के जंगलों में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने अवैध रूप से संचालित शराब भट्टियों का भंडाफोड़ किया।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक अवैध शराब भट्टियों को नष्ट कर दिया। साथ ही मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार कच्ची शराब और लगभग 4000 लीटर लाहन को भी नष्ट किया गया।


पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से शराब माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले करीब दो सप्ताह से जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लगातार सफलता मिल रही है।

पुलिस ने साफ किया है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना की है और पुलिस से ऐसे अभियान जारी रखने की मांग की है।


