जसपुर में हज यात्रा को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जसपुर में हज यात्रा को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

देवभूमि उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर में आगामी 18 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही हज यात्रा को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नगर के फैज़ ए आम इंटर कॉलेज परिसर में उत्तराखंड राज्य हज समिति के बैनर तले संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य हज समिति के प्रदेश अध्यक्ष खतीब अहमद पहुंचे, जिनका फूल-मालाओं और पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके आगमन पर पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस दौरान काशीपुर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खड़क सिंह चौहान, जसपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नौशाद सम्राट, भाजपा कार्यकर्ता कमल चौहान और मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौहान सहित कई गणमान्य लोग मंच पर मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्कूल के प्रधानाध्यापक रईस अहमद और स्टाफ द्वारा सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में नगर की महिलाओं और आमजन की भी भारी भागीदारी रही। हज यात्रा को लेकर लोगों में जागरूकता और उत्सुकता साफ तौर पर दिखाई दी।

अपने संबोधन में खतीब अहमद ने हज के अरकान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यात्रियों को अनावश्यक शॉपिंग और दावतों से बचने, समूह में रहने, सावधानीपूर्वक यात्रा करने और पूरे मन से इबादत करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने देश और धर्म की सलामती के लिए दुआ करने का संदेश भी दिया।

वहीं, जसपुर नगर पालिका अध्यक्ष नौशाद सम्राट ने हज सब्सिडी को फिर से शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को हज यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी।

कार्यक्रम में काशीपुर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने धामी सरकार की नई पहल की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार हज यात्रियों के लिए स्मार्ट वॉच और हज सुविधा ऐप लॉन्च किया गया है। इस ऐप के जरिए यात्रियों को यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी उनके मोबाइल पर मिलती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने हज यात्रा पर जा रहे यात्रियों को मुबारकबाद दी और उनकी सुरक्षित व सफल यात्रा के लिए दुआएं कीं।