

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित कृष्ण मिष्ठान भंडार में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 3:00 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।


बताया जा रहा है कि चोर करीब 55 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद जब सुबह दुकान मालिक पहुंचा तो शटर टूटा देख उसके होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल रही है।
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी अपील की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

