रुड़की का 14 वर्षीय बालक “क्रिकेट सपना” पूरा करने निकल पड़ा, सकुशल बरामद

रुड़की का 14 वर्षीय बालक “क्रिकेट सपना” पूरा करने निकल पड़ा, सकुशल बरामद

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की से लापता हुआ 14 वर्षीय बालक आखिरकार सकुशल मिल गया है। लेकिन इस कहानी में एक दिलचस्प मोड़ है। दरअसल, बालक घर से किसी डर या दबाव में नहीं बल्कि अपने क्रिकेट खेलने के सपने को पूरा करने के लिए निकला था और देखते ही देखते कई राज्यों की यात्रा कर गया।

गंगनहर कोतवाली में पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 26 मार्च को गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से लापता हुए बालक को पुलिस ने “ऑपरेशन स्माइल” के तहत नई दिल्ली से सकुशल बरामद किया।

बालक के गायब होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था और अगले ही दिन गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित की, जिन्होंने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और अमृतसर तक तलाश अभियान चलाया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, शेल्टर होम और सोशल मीडिया तक हर माध्यम का सहारा लिया। लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बालक को सकुशल बरामद किया गया।

पूछताछ में बालक ने बताया कि वह क्रिकेट खेलने का सपना लेकर घर से निकला था और इस दौरान दिल्ली, मथुरा, वृंदावन, अमृतसर और राजस्थान तक घूमता रहा। गनीमत रही कि इस पूरे सफर में उसके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई।

पुलिस ने बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और परिवार ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस का आभार जताया।

यह घटना यह भी दर्शाती है कि बच्चों के सपनों को समझना और उनसे संवाद बनाए रखना कितना जरूरी है। माता-पिता और शिक्षकों को बच्चों के जुनून और इच्छाओं को समझते हुए उनका मार्गदर्शन करना चाहिए।