हरिद्वार पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के मामले में बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया

हरिद्वार पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के मामले में बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से सहेला बेगम नामक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला लंबे समय से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे पहचान छुपाकर रह रही थी।

पुलिस और LIU की संयुक्त टीम ने सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध महिला को दबोचा। उसके कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड के साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और भारतीय पासपोर्ट जैसे कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए।

पूछताछ में महिला ने अपना असली नाम सहेला बेगम बताया और खुलासा किया कि भारत आने के बाद उसने अपने सहयोगी की मदद से ये दस्तावेज तैयार कराए।

पुलिस ने इस मामले में फर्जी दस्तावेज बनाने में मदद करने वाले छत्तीसगढ़ निवासी आरोपी को भी हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी संलिप्त लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।

हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क को पूरी तरह उखाड़ा जा सके।