

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

हाल ही में जेन जी बार में हुए विवाद और उसके बाद राजपुर रोड गोली कांड में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से कड़ा रुख अपनाया है।


पुलिस ने देर रात तक नियमों के विपरीत पब, बार और रेस्टोरेंट खुलने की लगातार शिकायतों के बाद विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत सभी रेस्टोरेंट, ढाबों और बारों पर दबिश दी जा रही है।


इस कार्रवाई का उद्देश्य नियमों की अनदेखी को रोकना और जनपद में कानून-व्यवस्था (लो एंड ऑर्डर) बनाए रखना बताया गया है। पुलिस टीम लगातार रात में भी निरीक्षण कर रही है।


रेस्टोरेंट संचालकों और एसोसिएशन ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया है, लेकिन उनका कहना है कि रेस्टोरेंट खुलने का निर्धारित समय सुनिश्चित किया जाए।
एसोसिएशन ने पुलिस से अनुरोध किया है कि उनके निर्धारित समय तक रेस्टोरेंट संचालित करने की अनुमति दी जाए। इससे ग्राहकों की असुविधा कम होगी और रेस्टोरेंट संचालन में भी मदद मिलेगी।

एसोसिएशन ने कहा कि अनावश्यक दबिश और अचानक कार्रवाई से ग्राहकों में असहजता पैदा होती है, जिससे रेस्टोरेंट संचालकों को आर्थिक और संचालन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालकों को साफ निर्देश दिए हैं कि नियमों का पालन करना अनिवार्य है और इस अभियान के तहत सुरक्षा और कानून का संतुलन बनाए रखना प्राथमिकता है।

