

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में देर रात से मौसम का मिज़ाज बिगड़ गया है। तेज हवाओं के साथ हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।


बारिश के चलते नाले और गधेरे उफान पर हैं, जिससे कई मार्ग और ग्रामीण रास्ते बाधित हो गए हैं। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण आमने-सामने की दृश्यता भी कम हो रही है।


बारिश और कोहरे के कारण स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बहुत कम दर्ज की गई है। मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाओं की भी सूचना मिली है।


सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्य भी बारिश के कारण प्रभावित हुए हैं। नालों के बंद होने से सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आम नागरिकों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
पर्यटक भी अपने होटलों में ही दुबके हुए हैं। ठंड की तीव्रता इतनी बढ़ गई है कि लोग लकड़ी और हीटर जलाकर अपने आपको गर्म रखने में जुटे हैं।

स्थानीय लोग बता रहे हैं कि अप्रैल माह में यह स्थिति असामान्य है और ऐसा लग रहा है जैसे बर्फबारी का मौसम आ गया हो। ठंड से हाथ-पांव अकड़ने लगे हैं।

मूसलाधार बारिश से जनजीवन बाधित होने के साथ-साथ गंदा पानी और कूड़ा-करकट झील में जा रहा है। प्रशासन और नागरिक इस असामान्य मौसम की अवधि और प्रभाव को लेकर चिंतित हैं।

