

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर के सहसपुर क्षेत्र में गुलदार का खौफ अब जानलेवा बनता जा रहा है। 55 वर्षीय इरफान का चांदपुर जंगल में गुलदार के अचानक हमले में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और गुस्सा फैल गया।


बताया जा रहा है कि इरफान रोज की तरह लकड़ी लेने जंगल गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि इरफान के संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही कालसी वन प्रभाग के डीएफओ मयंक गर्ग और उनकी टीम मौके पर पहुंचे।


वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का भरोसा दिया है। लगातार बढ़ रहे गुलदार हमलों ने ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ा दिए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अब जंगल के आसपास रहना भी खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने वन विभाग से अपील की कि गुलदार को जल्द पकड़कर इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई और इस तरह का शिकार न बने।


घटना की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान देर शाम मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया।

विधायक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इलाके में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

