

स्थान : टिहरी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट, टिहरी गढ़वाल में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया।


इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार उत्तराखंड को इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है।


मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त किया और बताया कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य को साहसिक खेलों और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी मदद करते हैं।


इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। वे कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखते हैं और अनुशासन व टीम भावना विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी महत्वपूर्ण हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवनरक्षक साबित होती है और आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने में मदद करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर खेलों में अपनी क्षमता दिखाई है और राज्य भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार है।

