

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश के मणिकूट पर्वत स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी शिव शक्ति धाम आश्रम में पीठाधीश्वर हरिओम महाराज ने पश्चिम बंगाल, केरल और ओडिशा में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया।


आश्रम में साधु-संतों की उपस्थिति में महाराज ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और इन राज्यों में रहने वाले नागरिकों से उनके समर्थित दल को वोट देने की अपील की।


महाराज ने कहा कि वे किसी भी राजनीतिक दल से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं, लेकिन राष्ट्र और समाज के हित में साधु का बोलना आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि साधु का कर्तव्य समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए अपनी बात रखना है।


अपने हालिया असम दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वहां सड़क और धार्मिक स्थलों का विकास अद्भुत रहा है। उन्होंने त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम का उदाहरण देते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र को एक सक्षम महापुरुष और सक्षम प्रशासन मिला है।
बंगाल में हिंदुओं की स्थिति पर महाराज ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं के साथ दुर्व्यवहार और धार्मिक स्थलों की उपेक्षा हो रही है। वहीं केरल में उन्होंने पुरानी सरकारों की विफलताओं की वजह से लोगों की असमंजस की स्थिति का जिक्र किया।

हरिओम महाराज ने जनता से आग्रह किया कि यदि वे देश और स्वयं के सर्वांगीण विकास की कामना रखते हैं, तो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनानी चाहिए। उन्होंने असम में हुए विकास को बंगाल और केरल में लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इसका सीधा लाभ धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और जागरूकता, साथ ही लोगों को बेहतर सुख-सुविधाएं मुहैया कराने में मिलेगा। राष्ट्रहित में चुनाव में सही विकल्प चुनने की अपील भी महाराज ने दोहराई।

