देहरादून में पब-बार पर सख्ती, CCTV का एक्सेस पुलिस को

देहरादून में पब-बार पर सख्ती, CCTV का एक्सेस पुलिस को

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में देर रात तक चलने वाले पब, बार और रेस्टोरेंट्स पर अब पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने शहर के प्रमुख पब और बार संचालकों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में सुरक्षा और संचालन समय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी शराब परोसने वाले प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। देर रात तक चलने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

सबसे अहम फैसला यह लिया गया कि अब पब और बार में लगे सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस पुलिस के पास रहेगा। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी।

निर्देशों के तहत प्रत्येक प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार और पार्किंग एरिया में लगे कैमरों के अलग-अलग एक्सेस कंट्रोल पुलिस को उपलब्ध कराए जाएंगे।

एसएसपी ने कहा कि इस कदम से शहर में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील की है।