मसूरी में गैस किल्लत के खिलाफ 9 अप्रैल को धरना

मसूरी में गैस किल्लत के खिलाफ 9 अप्रैल को धरना

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर व्यापारियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में एक होटल सभागार में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि 9 अप्रैल को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारियों ने साफ कहा कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो मसूरी से देहरादून तक कूच किया जाएगा।

एसोसिएशन ने शहर के सभी नागरिकों और व्यापारियों से इस आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है, ताकि इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

रजत अग्रवाल ने बताया कि लंबे समय से उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिलने की शिकायतें मिल रही हैं। केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद घरेलू गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कमी के कारण व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही गैस की कालाबाजारी को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।

अग्रवाल ने चेतावनी दी कि पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और यदि गैस की किल्लत दूर नहीं हुई, तो इसका सीधा असर पर्यटन और व्यापार पर पड़ेगा। उन्होंने इस आंदोलन को “मिशन 1.0” नाम देते हुए सभी से समर्थन देने की अपील की है।