

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

रेहड़ी-पटरी कमजोर वर्ग कल्याण समिति के बैनर तले शहर में पटरी व्यापारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहीद भगत सिंह चौक से गांधी चौक तक मशाल जुलूस निकालकर नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की गई।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। भारी पुलिस व्यवस्था के बीच जुलूस निकाला गया और पूरे रास्ते व्यापारी अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते रहे।


पटरी व्यापारियों की मुख्य मांग है कि उन्हें दोबारा माल रोड पर पटरी लगाने की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि वे कई दशकों से यहां व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं।


व्यापारियों के अनुसार करीब 9 माह पहले नगर पालिका ने माल रोड से लगभग 130 पटरी व्यापारियों को हटा दिया था। इसके बाद से कई लोग बेरोजगार हो गए और लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
पटरी व्यापारी संजय टम्टा ने आरोप लगाया कि वार्ता के बावजूद समस्या का समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा माल रोड पर बेंच लगाकर व्यापारियों को बैठने से रोका जा रहा है।

वहीं व्यापारी रामकिशन राही ने बताया कि पिछले 9 महीनों से कई परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। उनके पास किराया देने और बच्चों की फीस भरने तक के पैसे नहीं हैं।

पटरी व्यापारियों ने साफ कहा कि अब उन्होंने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

