

स्थान : हल्द्वानी (लालकुआं)
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां ऑटो में सफर कर रही महिला की गोद से छिटक कर सड़क पर गिरी ढाई माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।


जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के रावत नगर द्वितीय निवासी विक्रम सिंह बिष्ट की पत्नी सुमन बिष्ट अपनी ढाई माह की बेटी गौरी को इलाज के लिए हल्द्वानी ले जा रही थी। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि महिला सुबह अपने ससुर के साथ लालकुआं तक पहुंची थी। इसके बाद वह ऑटो से हल्द्वानी की ओर जा रही थी, लेकिन इस दौरान वह अपना मोबाइल घर पर ही भूल आई थी।

दोपहर करीब 2:30 बजे काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास अचानक बच्ची महिला की गोद से छिटक कर सड़क पर गिर गई। यह देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक और स्थानीय लोगों ने बच्ची को उठाकर बृजलाल चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुंचाया। इस दौरान सदमे में आई महिला भी बेहोश हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम गौरी ने दम तोड़ दिया। वहीं महिला का इलाज आईसीयू में जारी है। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता विक्रम सिंह बिष्ट भारतीय सेना में श्रीनगर में तैनात हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है और वह घर लौटने की तैयारी में हैं। परिवार में चार वर्षीय बेटी काव्या भी है, जो इस हादसे से अनजान है।

