

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

श्यामपुर क्षेत्र के रसियाबड़ हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो बसों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री घबराकर बसों से बाहर निकलने लगे।


बताया जा रहा है कि एक बस देहरादून से बारात लेकर लौट रही थी, जबकि दूसरी बस बिजनौर-हरिद्वार मार्ग पर चलने वाली रोडवेज बस थी। दोनों बसों की टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री सीटों पर ही घायल हो गए।


हादसे में करीब 10 से 15 यात्री घायल हुए हैं। वहीं दो लोग बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इससे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सुचारु कर दिया। साथ ही यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य तक रवाना किया गया।

