

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है और अब मौसम ने भी उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम में कोलकाता और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच होने वाला आईपीएल 2026 का मैच तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण रद हो गया। इस वजह से दोनों टीमों को बंटकर 1-1 अंक मिले।


कोलकाता ने अपने आरंभिक दोनों मैच हार चुके हैं और अब अगले मैचों में जीत हासिल करना उसके लिए बेहद जरूरी है। बारिश के कारण मिलने वाले बंटे अंक से उसका खाता तो खुल गया, लेकिन मुश्किलें कम नहीं हुईं। मैच रुकने से पहले कोलकाता 25 रन पर दो विकेट खो चुका था, लेकिन टी20 का खेल कभी भी पलट सकता है।

वहीं, पहले दोनों मैच जीतने वाली पंजाब किंग्स को भी मैच रद होने से निराशा हुई, क्योंकि वह पूरी तैयारी के साथ दो अंक लेने मैदान में उतरी थी। बंटे हुए एक अंक से पंजाब अंक तालिका में पांच अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई, हालांकि उसने एक मैच अधिक खेला है। कोलकाता एक अंक के साथ आठवें स्थान पर है।

‘कालबैसाखी’ ने खेल बिगाड़ा
यह पहला मौका नहीं है जब ‘कालबैसाखी’ ने ईडन में मैच बिगाड़ा है। बंगाल में मार्च-अप्रैल में तेज हवाओं के साथ होने वाली अचानक बारिश को आम बोलचाल में कालबैसाखी कहा जाता है। यह मौसम विभाग के लिए भी कई बार अनुमान लगाने में चुनौती बनता है।

कोलकाता के लिए चिंता का सबब यह है कि गुरुवार को ईडन में उसका अगला मैच भी खेला जाना है। अगर कालबैसाखी ने उस मैच को भी प्रभावित किया, तो टीम की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

तीन घंटे से अधिक समय तक रुका मैच
बारिश के कारण मैच तीन घंटे से अधिक समय तक रुका रहा। ढाई घंटे बाद बारिश थमी, लेकिन मैदान पर पानी जमा होने के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। पूर्व भारतीय कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली मैदान में आए और क्यूरेटर सुजन मुखर्जी से ग्राउंड की स्थिति का जायजा लिया।

मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ भी ग्राउंड का निरीक्षण करने आए और बाद में अंपायरों ने कप्तानों को मैच रद्द होने की जानकारी दी।

बारिश से पहले बरसे बार्टलेट
पंजाब के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने बारिश से पहले कोलकाता की स्थिति खराब कर दी थी। उन्होंने पहले ही ओवर में एलन फिन (6) और कैमरन ग्रीन के विकेट चटकाए।

आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में बदलाव
बारिश के कारण दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलने से पॉइंट्स टेबल में बदलाव हुआ। पंजाब किंग्स अब 5 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि केकेआर 1 अंक लेकर आठवें स्थान पर है।
शीर्ष 5 की स्थिति इस प्रकार है:
- पंजाब किंग्स – 5 अंक (+0.637 NRR)
- आरसीबी – 4 अंक (+2.501 NRR)
- राजस्थान रॉयल्स – 4 अंक (+2.233 NRR)
- दिल्ली कैपिटल्स – 4 अंक
- सनराइजर्स हैदराबाद – 3 अंक
नीचे के स्थान:
6. मुंबई इंडियंस – 3 अंक
7. लखनऊ सुपर जाइंट्स – 2 अंक
8. केकेआर – 1 अंक
9. गुजरात टाइटंस – 0 अंक
10. चेन्नई सुपर किंग्स – 0 अंक

