विराट कोहली ने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की तारीफ कर रणवीर सिंह को बताया बेजोड़

विराट कोहली ने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की तारीफ कर रणवीर सिंह को बताया बेजोड़

ब्यरो रिपोर्ट

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है। रिलीज़ के 20 दिन से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद फिल्म की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाई थ्रिलर फिल्म रणवीर सिंह को बॉक्स ऑफिस का ‘किंग’ बना चुकी है।

अब क्रिकेट जगत के ‘किंग’ विराट कोहली ने इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। विराट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “आज मैंने फिल्म देखी और मैं यह दावे से कह सकता हूं कि भारत में मैंने इससे पहले कभी ऐसे सिनेमा का अनुभव नहीं किया है। इस फिल्म ने हर तरह की भावनाओं को उभारा है और 4 घंटे तक मैं एक सेकंड के लिए भी बोर नहीं हुआ हूं।”

विराट ने आगे लिखा, “आदित्य धर, आपका टैलेंट और विश्वास आपकी बनाई गई इस फिल्म में साफ-साफ झलकता है… आपको सलाम। आप जीनियस हैं। वैसे तो हर कलाकार अपने रोल में बहुत ही शानदार था, लेकिन रणवीर सिंह, इस फिल्म के बाद तुम एक अलग स्तर पर ही पहुंच चुके हो। तुम्हारी परफॉर्मेंस बेहतरीन से भी बहुत आगे की थी। वाकई लाजवाब।”

विराट कोहली की इस तारीफ से निर्देशक आदित्य धर भावुक हो गए। उन्होंने विराट को ‘एक पीढ़ी में जन्म लेने वाला दिग्गज’ बताते हुए जवाब दिया और लिखा, “जिस तरह से आप हर बार हमारे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, वह हम सभी के लिए बेहद प्रेरणादायक है। हम भी अपनी इस फिल्म के जरिए भारत को गौरवान्वित महसूस कराने की कोशिश कर रहे हैं… जय हिन्द।”

इससे पहले आमिर खान, विक्की कौशल, अनुपम खेर, आयुष्मान खुराना, आलिया भट्ट सहित कई बॉलीवुड सितारों ने भी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की तारीफ की है।

फिल्म की लगातार सफलता और बॉलीवुड-स्पोर्ट्स सितारों की सराहना इसे इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर चुकी है।