
स्थान : किच्छा
रिपोर्टर : राजू सहगल

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अब तक राज्य में हजारों एकड़ भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा चुका है।


हाल ही में उधम सिंह नगर जिले में वन विभाग ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई दो मजारों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। वन विभाग ने कार्रवाई से लगभग दो महीने पहले नोटिस जारी कर संबंधित लोगों से भूमि संबंधी दस्तावेज दिखाने के लिए कहा था।


डीएफओ हिमांशु बागड़ी ने जिला प्रशासन को अवगत कराया कि किच्छा और सितारगंज वन क्षेत्र की डोला और पुलभट्टा फॉरेस्ट रेंज में बनाई गई अवैध मजारों को हटाया गया है। नोटिस का दो माह तक जवाब नहीं मिलने के बाद मजारों को ध्वस्त कर मलबा जंगल से हटा दिया गया।


एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि इन अवैध संरचनाओं के विषय में वन विभाग और जिला प्रशासन के बीच विचार-विमर्श के बाद कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई।
यह कार्रवाई उत्तराखंड सरकार की नीति का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य में अब तक 577 अवैध संरचनाओं को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।

सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है कि उत्तराखंड की जमीन को अतिक्रमण से बचाया जाए और भूमि संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस कदम से राज्य में कानून का शासन मजबूत होने के साथ ही आम जनता के हितों की भी सुरक्षा सुनिश्चित होगी।


