
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में बुधवार को पहाड़ी आर्मी ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।


धरने पर बैठे पहाड़ी आर्मी के जिला अध्यक्ष ने कहा कि पहाड़ के लोगों के साथ लगातार छलावा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण पलायन तेजी से बढ़ रहा है।


उन्होंने कहा कि राज्य में महिला सुरक्षा, मूल निवास, मूल निवासी अधिकार, राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान और सशक्त भू-कानून जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे आज भी अधूरे हैं। इन समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है।


धरना दे रहे कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी लोगों द्वारा नजूल भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन इस पर खामोश है। उन्होंने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा गैस की किल्लत का मुद्दा भी उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आम लोगों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है।

पहाड़ी आर्मी के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वर्ष 2027 में संगठन सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस और भाजपा दोनों को जनता जवाब देगी और पहाड़ के मुद्दों को लेकर व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

