केलाखेड़ा मार्ग पर भीषण हादसा, ई-रिक्शा पलटने से 7 श्रद्धालु घायल

केलाखेड़ा मार्ग पर भीषण हादसा, ई-रिक्शा पलटने से 7 श्रद्धालु घायल

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर
: विशेष शर्मा

उत्तराखंड के केलाखेड़ा मार्ग पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से बच्चों और महिलाओं समेत सात श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बाजावाला निवासी एक परिवार रविवार करीब साढ़े बारह बजे ई-रिक्शा से बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा में दर्शन के लिए जा रहा था। जैसे ही वाहन मसीत के पास पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे में ई-रिक्शा चालक लवजीत सिंह (18), सीमा (34), बलजीत कौर (55), परमजीत कौर (26), कोमल (12), मनिंदर (10) और जोत सिंह (4) घायल हो गए। सभी घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दौरान एंबुलेंस को रास्ते में जाम का सामना भी करना पड़ा। एनएचआई एंबुलेंस के अटेंडर डॉ. सुरेंद्र सिंह के अनुसार, कई वाहन चालकों ने एंबुलेंस को रास्ता नहीं दिया, जिससे 4–5 मिनट तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। उन्होंने इस व्यवहार को बेहद संवेदनहीन बताया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई, स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है। गनीमत रही कि इस हादसे में सभी घायलों की जान बच गई, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।