
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के लक्सर से एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है, जहां रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों ने होटल और ढाबा कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई ढाबे बंद हो गए हैं, जबकि अन्य बंद होने की कगार पर हैं।


क्षेत्र में गैस आपूर्ति बाधित होने का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। लक्सर के कई होटल और ढाबे या तो पूरी तरह बंद हो चुके हैं या फिर सीमित संसाधनों के साथ किसी तरह संचालन कर रहे हैं।


ढाबा संचालकों का कहना है कि रसोई गैस की अनियमित सप्लाई और लगातार बढ़ती कीमतों ने उनके सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। उनका कहना है कि लागत बढ़ने के कारण कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है।


व्यापारियों के अनुसार, गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर गैस की उपलब्धता न होने के कारण भोजन बनाना तक संभव नहीं हो पा रहा है।

ढाबा संचालकों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति को सुचारू बनाया जाए और कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि उनका व्यवसाय बचाया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ढाबों के बंद होने से आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर यात्रियों और मजदूर वर्ग को सस्ते भोजन की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो लक्सर क्षेत्र में छोटे कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट और गहरा सकता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।

