विकासनगर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सेंटर बंद

विकासनगर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सेंटर बंद

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” और “ऑपरेशन क्रैक डाउन” के तहत सख्त रुख अपनाते हुए स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। बाहरी व्यक्तियों और संस्थानों के सत्यापन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत दो स्पा सेंटरों को बंद करा दिया गया।

कोतवाली विकासनगर पुलिस ने क्षेत्र में होटल, ढाबों और स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान विकासनगर बाजार में संचालित दो स्पा सेंटरों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

चेकिंग के दौरान दोनों स्पा सेंटरों में काम कर रही 7 महिलाएं ऐसी पाई गईं, जिनका पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

पुलिस ने सभी संबंधित महिलाओं के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। इसके अलावा बिना सत्यापन कर्मियों को रखने पर स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के तहत दोनों स्पा सेंटरों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। इस सख्ती के बाद क्षेत्र के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का समय पर सत्यापन कराएं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।