
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

पुष्कर सिंह धामी के सख्त रुख का असर अब प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। मसूरी रोड पर हुए रोड रेज गोलीकांड के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना में एक रिटायर ब्रिगेडियर की मौत हो गई थी, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।


बताया जा रहा है कि मसूरी रोड पर दो वाहनों के बीच विवाद के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि गोली चल गई और एक रिटायर ब्रिगेडियर की जान चली गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।


मुख्यमंत्री के आदेश के बाद कुठाल गेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और आबकारी विभाग के उप निरीक्षक शोभन को लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने इसे कानून व्यवस्था में बड़ी चूक मानते हुए यह कार्रवाई की है।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में सख्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस को दिन-रात गश्त बढ़ाने के साथ-साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी तेज करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रोड रेज, हुड़दंग और फायरिंग जैसी घटनाओं पर कड़ी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। देर रात तक होने वाली अवैध गतिविधियों पर भी सख्ती बरतने को कहा गया है, जिससे आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सरकार के इस सख्त रुख के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी और इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।


