
स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गैस सिलेंडर में रिसाव के चलते अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि एक पड़ोसी महिला भी आग की चपेट में आकर घायल हो गई।


बताया जा रहा है कि सुबह के समय कमरे में गैस की तेज बदबू आ रही थी, लेकिन इससे पहले कि कोई स्थिति को समझ पाता, माचिस जलाते ही जोरदार धमाका हो गया। धमाके के साथ ही आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोग बुरी तरह झुलस गए।


घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ट्रांजिट कैंप पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि कमरे की दीवार तक क्षतिग्रस्त हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पड़ोस में रहने वाली मीरा देवी भी मौके पर पहुंचते ही उसकी चपेट में आ गईं और झुलस गईं।

घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोमती देवी और उनके बेटे नीरज करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, जबकि लोकेश कुमार लगभग 50 प्रतिशत तक घायल हैं। मीरा देवी को आंशिक रूप से चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह गैस सिलेंडर से रिसाव था। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से गैस सिलेंडर के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


