
लोकेशन – लोहाघाट(चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट नगर में आज इंडेन गैस एजेंसी द्वारा हथरंगिया क्षेत्र में रसोई गैस का वितरण किया गया। सुबह 7 बजे से ही सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ जमा होने से सड़क पर जाम लग गया और भारी अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं।


भीड़ और हंगामे को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में ही गैस का वितरण सुरक्षित रूप से संपन्न कराया गया।


वार्ड सभासद योगेश जोशी ने कहा कि गैस एजेंसी के द्वारा वितरण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। बाहरी और प्रभावशाली लोग गुपचुप तरीके से पहले ही गैस बुक करवा लेते हैं, जिससे वास्तविक स्थानीय उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


सभासद ने बताया कि हथरंगिया में गैस वितरण के दौरान नगर के अन्य क्षेत्रों से भी लोग पहुंच गए, जिससे कई क्षेत्रवासियों को गैस नहीं मिल पाई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिस क्षेत्र में गैस का वितरण हो, वहां के स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए।
गैस एजेंसी प्रबंधक ने बताया कि रविवार को छुट्टी होने के कारण सोमवार को गैस नहीं पहुंच पाई थी। आज नगर क्षेत्र में 180 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, और यह रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है।

हालांकि प्रशासन दावा कर रहा है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें कई दिनों से गैस नहीं मिल पा रही। इस कारण लोग सभी काम छोड़कर लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने शासन प्रशासन और गैस एजेंसी प्रबंधक से अपील की है कि वितरण प्रणाली में सुधार किया जाए ताकि मारामारी और अव्यवस्थाओं से निजात मिल सके। फिलहाल चंपावत जिले में रसोई गैस को लेकर हंगामा जारी है।

