
लोकेशन – रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की सिविल अस्पताल में एनएसजी कमांडो के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस और बसपा नेता योगेश कुमार के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।


जानकारी के अनुसार, देहरादून हाईवे पर रविवार को रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार सेना का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


मृतक की पहचान धन प्रकाश के रूप में हुई है, जो बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।


परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गलत इंजेक्शन लगाने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

सोमवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने दोबारा प्रदर्शन किया और आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी तथा अस्पताल पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।

मौके पर पहुंचे एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उचित जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।

