
लोकेशन – हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने हल्द्वानी के गौलापार स्थित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया, जहां इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण प्रस्तावित है।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने इसे प्रदेश के खेल भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी।


रेखा आर्या ने कहा कि यह स्थान केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि वर्षों के संकल्प, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां बनने वाला खेल विश्वविद्यालय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नई दिशा देगा।


उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मंच प्रदान करेगा और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
मंत्री ने इस परियोजना को साकार करने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार भी जताया।

कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय का एकेडमिक ब्लॉक और प्रशासनिक भवन तैयार हो चुका है और आगामी सत्र से कक्षाओं का संचालन शुरू करने की योजना बनाई गई है।

इस दौरान मंत्री ने सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बालक और बालिका टीमें 1 अप्रैल से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी और बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

