
लोकेशन – देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

प्रदेश में पुष्कर सिंह धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर जहां एक ओर भाजपा “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” थीम के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने इन दावों पर तीखा हमला बोला है।


राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


हालांकि कांग्रेस ने सरकार के “4 साल बेमिसाल” के दावे को खारिज करते हुए इसे “नाकाम” करार दिया। विपक्षी नेताओं ने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है।


कांग्रेस का आरोप है कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश की स्थिति लगातार बिगड़ी है। महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
विपक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश में पलायन की समस्या अब भी गंभीर बनी हुई है और इसे रोकने के लिए सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी तंत्र पूरी तरह चरमरा गया है और आम लोगों को अपने काम के लिए भटकना पड़ रहा है।

विपक्ष का दावा है कि राजधानी देहरादून ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है, जबकि सरकार जमीनी हकीकत से दूर नजर आ रही है।

