
स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात्रि उप जिला मेला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। तीमारदारों ने समय पर उपचार और भोजन व्यवस्था की सराहना की।


जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बेडशीट और कंबलों की नियमित धुलाई सुनिश्चित करने तथा नए कंबलों की खरीद के आदेश भी जारी किए।

जिला महिला चिकित्सालय के सभी वार्डों और लेबर रूम का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान डॉ. शिवंशी ने जानकारी दी कि लेबर रूम में दो महिलाएं भर्ती हैं और उनकी स्थिति सामान्य है, जबकि अब तक 13 महिलाओं का प्रसव कराया जा चुका है। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक रूप से रेफर न करने और पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, खराब लाइटों को ठीक कराने, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खराब वाटर कूलर की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नए साइन बोर्ड लगाने और वेटिंग एरिया में एलईडी टीवी चालू रखने के आदेश जारी किए।

महिला चिकित्सालय में एम्बुलेंस और 108 सेवा हर समय उपलब्ध रखने की हिदायत दी गई। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने और सभी कर्मचारियों के दायित्व निर्वहन पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. आरवी सिंह, डॉ. संदीप निगम और डॉ. एसके सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण से अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी।

