

स्थान – हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

हल्द्वानी के पनचक्की रोड पर हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घटनास्थल समेत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों का औचक निरीक्षण किया।


एसएसपी ने विशेष पुलिस टीम के साथ पनचक्की घटनास्थल, पंचक्की चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, चौंफला चौराहा और कठघरिया चौराहे का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।


उन्होंने भविष्य में हादसों की रोकथाम के लिए घटनास्थल के पास बनाए गए रैंप को दुरुस्त कराने हेतु संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा। साथ ही कोल टैक्स तिराहा, हाइडल, लामाचौड़ तिराहा, कठघरिया और हनुमान मंदिर चौराहे से हल्द्वानी शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने को लेकर चर्चा की गई।

कठघरिया चौराहे पर आमजन की सुविधा के लिए टेंपो हाईट गेज और बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं हनुमान मंदिर चौराहे पर स्लाइडिंग बैरियर लगाने और ट्रैफिक आइलैंड को अपग्रेड करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाकर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा हल्द्वानी शहर में चल रही कंस्ट्रक्शन साइट्स पर चेतावनी साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, ब्लिंकिंग लाइट और सैंड बैग लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान और नो-एंट्री नियमों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सड़क सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

