
स्थान – नैनीताल (ओखलकांडा)

ब्यूरो रिपोट

नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के पटरानी सेलुगाड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटरानी की ओर जा रही एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक की पहचान 32 वर्षीय शिरोमणि कोटलिया पुत्र हरिदत्त के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार शिरोमणि सवारी छोड़ने पटरानी गए थे और वापस लौटते समय अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे गाड़ी नीचे गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा को दी गई। विधायक ने तत्काल जिलाप्रशासन और पुलिस प्रशासन को मौके पर भेजने के निर्देश दिए।
विधायक कैड़ा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल से वार्ता कर मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन की टीम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर घटनास्थल पर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न कराई।
इसके बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

विधायक राम सिंह कैड़ा ने चालक की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेंगे।
बताया गया कि विधायक कैड़ा ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। अब इस मांग पर सरकार के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

