शिक्षा निदेशक पर हमले की कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

शिक्षा निदेशक पर हमले की कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

स्थान – हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

देहरादून में विद्यालय का नाम परिवर्तित किए जाने को लेकर उपजे विवाद के दौरान शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक पर हुए कथित जानलेवा हमले की कांग्रेस पार्टी ने कड़े शब्दों में निंदा की है। पार्टी ने इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया है।

हल्द्वानी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा शासन में सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमलों की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय का नाम परिवर्तन सरकार स्तर पर लिया जाने वाला निर्णय होता है और अधिकारी केवल विधिसम्मत आदेशों का पालन करते हैं।

उन्होंने कहा कि जनसेवा में लगे अधिकारियों पर हमला न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा पर आघात है, बल्कि इससे प्रशासनिक तंत्र का मनोबल भी कमजोर होता है। देहरादून में शिक्षा विभाग के अधिकारी पर हुआ हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

गोविंद सिंह बिष्ट ने यह भी कहा कि यदि सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों या विधायक की मौजूदगी में अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस इस प्रकार की अराजकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

पार्टी ने दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी कानून को हाथ में लेने का साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में कानून का राज स्थापित रहना अत्यंत आवश्यक है।

हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने इस घटना के विरोध में महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और दबाव की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। पार्टी ने कहा कि वह जनहित और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी।