
स्थान – ऊधम सिंह नगर

ब्यूरो रिपोट

जनपद के रुद्रपुर में नमाज़ अदा कर रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना प्राचीन अटरिया मंदिर परिसर के बाहर स्थित एक खाली मैदान की बताई जा रही है, जहां दोपहर के समय यह विवाद हुआ।


जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति मैदान में नमाज़ अदा कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मंदिर कमेटी के प्रबंधक अरविंद कुमार ने वहां पहुंचकर उसे लात-घूंसों और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।


पीड़ित युवक, जिसकी पहचान शाहिद के रूप में हुई है, ने बताया कि वह पास के एक मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहा था। मस्जिद दूर होने के कारण वह दोपहर में नमाज़ पढ़ने के लिए पास के मैदान में बैठ गया था।


शाहिद का आरोप है कि नमाज़ समाप्त होने से पहले ही अचानक एक व्यक्ति ने उस पर डंडों और लातों से हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई।

वीडियो वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग पीड़ित के साथ सिडकुल चौकी पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने घायल शाहिद का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

