रुड़की: गंगनहर पुलिस ने 24 घंटे में ट्रक चोरी का किया खुलासा

रुड़की: गंगनहर पुलिस ने 24 घंटे में ट्रक चोरी का किया खुलासा

स्थान – रूड़की

ब्यूरो रिपोट

कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ट्रक चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वाहन स्वामी ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, सतीश कुमार नामक व्यक्ति ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि रात्रि के समय उनका 6 टायरा ट्रक चोरी हो गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई और ट्रक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध की पहचान की।

उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल लाल सिंह और कांस्टेबल पवन की टीम ने सालियर अंडरपास क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 6 टायरा ट्रक बरामद किया गया।

गिरफ्तारी के बाद बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। पुलिस ने आमजन से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।