
स्थान – गदरपुर

ब्यूरो रिपोट

जनपद में आज सतर्कता विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। दिनेशपुर थाने में तैनात एसआई अनवर अहमद को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।


सूत्रों के अनुसार, एसआई अनवर अहमद ने बिजली चोरी के एक मुकदमे को निपटाने के नाम पर शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद पूरी कार्रवाई की योजना बनाई गई।


सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद मौके पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।


कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि ऊधम सिंह नगर में एक ही दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे स्पष्ट है कि सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी अवैध रूप से धन की मांग करता है तो तत्काल संबंधित विभाग या विजिलेंस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

