
स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोट

नजीबाबाद हाईवे पर देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब चलते कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना चंडी देवी उड़न खटोला से आगे गौरी शंकर के पास की बताई जा रही है, जहां कंटेनर के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही पलों में धुआं आग की लपटों में बदल गया। आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा कंटेनर धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


कंटेनर चालक राजेश और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। यदि वे कुछ देर और करते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया। आग बुझाने में काफी समय लगा।

कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि कंटेनर चेन्नई से भारत हैवी इलेक्ट्रिक लिमिटेड का सामान लेकर जा रहा था। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी के सफर के दौरान वाहनों की तकनीकी जांच अवश्य कराएं, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

