
स्थान – देहरादून

ब्यूरो रिपोट

गैरसैंण में विधानसभा भवन के निर्माण और वहां की परिस्थितियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। लैंसडाउन से विधायक महंत दिलीप रावत द्वारा गैरसैंण में ऑक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाए जाने के बाद अब कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है।


विधायक महंत दिलीप रावत ने हाल ही में बयान दिया था कि गैरसैंण में ऑक्सीजन की कमी के कारण वहां परेशानी होती है। उन्होंने विधानसभा भवन के निर्माण और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए थे।


इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार और विधायक दोनों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि गैरसैंण में ऑक्सीजन की कमी है तो सरकार को बीमार विधायकों के लिए वहां उचित व्यवस्था करनी चाहिए।

गणेश गोदियाल ने कहा कि अगर सरकार आवश्यक इंतजाम नहीं कर पा रही है, तो कांग्रेस गैरसैंण में ऑक्सीजन की व्यवस्था करने को तैयार है। उन्होंने इसे जनहित और जनप्रतिनिधियों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय बताया।

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने इस संबंध में महंत दिलीप रावत से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि मुद्दा गंभीर है और इसे राजनीतिक बयानबाजी से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए।

गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में वहां की आधारभूत सुविधाओं को लेकर उठे सवालों ने एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
अब देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है और गैरसैंण में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

